कुविवि परिवार ने पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी का किया सम्मान

नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित ए.एन. सिंह प्रेक्षागृह में सोमवार को विश्वविद्यालय परिवार की ओर से पद्मभूषण से सम्मानित पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने नैनीताल के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए भगत सिंह कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन, शिक्षा और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। समारोह में संगीत विभाग के अलंकार महतोलिया एवं डॉ. रवि जोशी ने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देकर समां बांधा।

मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का सपना है। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए विज्ञान के साथ-साथ अध्यात्म को भी समान महत्व देना होगा। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, जो विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। पद्मश्री अनूप साह ने युवाओं से अवसरों का सदुपयोग करने का आह्वान करते हुए बताया कि उनकी फिल्म ‘किंग कोबरा’ को हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। समारोह के दौरान भगत सिंह कोश्यारी ने कुमाऊं विश्वविद्यालय की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *