देहरादून। भीमताल विकासखंड के ज्योलीकोट क्षेत्र में गधेरे में नहाना सात युवकों को महंगा पड़ गया। रविवार को गश्त के दौरान सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। गधेरे में नहा रहे सात युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार ज्योलीकोट क्षेत्र के गधेरों में पूर्व में डूबने से कई लोगों की जान जा चुकी है। हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही लगातार लोगों से गधेरों और नदी-नालों में न नहाने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद कई लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। रविवार को गश्त के दौरान पुलिस को युवकों के गधेरे में नहाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।पुलिस को देखकर वहां मौजूद युवकों में भगदड़ मच गई। हालांकि पुलिस ने सात युवकों को मौके से पकड़ लिया। चौकी प्रभारी श्याम बोरा ने बताया कि गधेरों और नदी-नालों में नहानाबेहद खतरनाक साबित हो सकता है। लोगों की सुरक्षा के लिएलगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मेरठ और रुद्रपुर निवासी सात युवकों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन पर चालान किया गया। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।