देहरादून : सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। समिति ने प्रभावित व विस्थापित परिवारों के एक सदस्य को परियोजना में रोजगार देने की भी मांग रखी। समिति अध्यक्ष रविंद्र सिंह और सचिव बलवीर कंडारी ने बताया कि ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पूर्ण प्रभावित परिवारों को देहरादून के लिस्ट्राबाद और रैनापुर ग्रांट में भूमि देने का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। आंशिक प्रभावित परिवारों को 201 वर्गमीटर आवासीय भूखंड देने की मांग भी उठाई। कट-ऑफ तिथि से पहले भूमि अधिग्रहित होने के बावजूद पूर्ण विस्थापन से वंचित परिवारों को इस श्रेणी में शामिल करने की मांग की गई। मार्च 2021 की कट-ऑफ तिथि के बाद वयस्क हुए ग्रामीणों को भी मुआवजा श्रेणी में शामिल करने की मांग की गई। समिति ने सीएम से सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।