रामनगर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए पांच महिलाओं समेत आठ नशे के सौदागरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 22 किलो गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और नशीली गोलियां और नशे के कारोबार से जुटाई गई साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की नकदी भी बरामद की है। जानकारी के मुताबिक कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच महिलाओं सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने पीरुमदारा क्षेत्र के थारी गांव में छापा मारकर पासो कौर पत्नी मुख्तियार सिंह के घर से कुल 2 किलो तथा सीमा कौर पत्नी कुलदीप सिंह उर्फ कालू व प्रकाश कौर पत्नी स्व. स्वर्ण सिंह के पास से 16.120 किलो गांजा, मनप्रीत कौर पुत्री दीवान सिंह के कब्जे से कुल 12.25 ग्राम अवैध स्मैक व स्मैक बिक्री के 3,35,000 रुपए, राधा पत्नी जसबन्त सिंह के कब्जे से कुल 2.33 ग्राम अवैध स्मैक तथा स्मैक बिक्री के 19,200 रुपए बरामद कर विभिन्न अभियोग पंजीकृत किए। मोहल्ला गुलरघट्टी निवासी कामेश त्यागी के कब्जे से चार किलो अवैध गांजा, रेलवे पड़ाव निवासी सागर के पास से चार नशीले इंजेक्शन और सिरिंज, नागा बाबा मंदिर रोड निवासी इमरान के कब्जे से 10 ग्राम नशीले इंजेक्शन की शीशियां और 22 नशीली गोलियां बरामद की गईं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश करने की कार्यवाही की है।