मसूरी: एमडीडीए ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए जायसवाल एस्टेट स्थित आर.के. वर्मा रोड पर एक अनाधिकृत निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र और भवन निर्माण नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि संयुक्त सचिव एवं उपजिलाधिकारी मसूरी के आदेशों के अनुपालन में विराट जैसवाल द्वारा किए जा रहे अनाधिकृत निर्माण को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान निर्माण स्थल को पूरी तरह सील कर आगे के निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
उन्होंने बताया कि एमडीडीए पिछले कुछ समय से मसूरी क्षेत्र में अवैध निर्माणों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। अजय मलिक ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में अनियंत्रित एवं नियमविरुद्ध निर्माण न केवल भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आपदा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। ऐसे में अवैध निर्माणों पर सख्ती बरतना आवश्यक है। कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर संजीव, उदय नेगी, इंद्रदेव नौटियाल तथा पुलिस बल मौजूद रहा। एमडीडीए ने आमजन से भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि नियमों के विपरीत किए गए निर्माण के खिलाफ भविष्य में भी सीलिंग सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।