देहरादून : देहरादून नगर निगम क्षेत्र की बात करें तो शहर के कुछ इलाकों में सोमवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे से लेकर दोपहर बारह बजे के बीच बारिश हुई। वहीं शहर के मुख्य इलाकों में बारिश करीब 15 मिनट तक रही और इस वजह से नालों का पानी सड़कों पर आ गया। सड़कों पर भारी जलभराव हुआ। जलभराव के चलते जाम की समस्या हुई। दोपहर बाद आसमान साफ होने पर तेज धूप हो गई। ऐसे में सोमवार सुबह के समय बारिश की वजह से गर्मी से राहत रही तो वहीं दोपहर बाद उमस का लोगों को सामना करना पड़ा। सोमवार को सुबह से ही दून में बादल छाए हुए थे। ऐसे में सुबह 11 बजे के बाद बारिश का क्रम शुरू हुआ। राजपुर के इलाकों से बारिश शुरू हुई और जो कि फिर घंटाघर, दून अस्पताल, कचहरी रोड, कनक चौक, सर्वे चौक तक रही। इन इलाकों में बारिश का दौर करीब 15 मिनट तक रहा होगा। बारिश काफी तेज रही। इस वजह से सड़कों में काफी जलभराव हुआ। जैसे कि दून अस्पताल के आसपास, कचहरी रोड में पानी भरने से जनता को आवागमन में दिक्कत हुई। दूसरी तरफ कचहरी रोड से हरिद्वार रोड की तरफ जाने वाली रोड के बीच भी काफी पानी भरा। इस वजह से जाम के बीच किसी का दोपहिया वाहन रहा तो उसे गाड़ी रोकने में अपने जूते तक भीगाने पड़े। वहीं जिस तरह से इन इलाकों में जलभराव देखने को मिला, तो उससे नालों की सफाई पर सवाल खड़ा होता है। बारिश का क्रम फिर प्रिंस चौक से सहारनपुर चौक से होते हुए पटेलनगर से आईएसबीटी तक रहा। सहारनुपर चौक के आसपास तो ओले तक पड़े। भाजपा से किशनगर वार्ड की पार्षद नंदिनी शर्मा जलभराव के बीच नगर निगम पहुंची। पार्षद ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाक्टर आन्नद शुक्ला को बताया कि दून अस्पताल से तहसील चौक की तरफ पानी होने से उनके जूते तक भीग गए। कमोवेश ये ही हाल अन्य लोगों का भी रहा। कहा कि ये तो हाल नगर निगम के पास का है। ऐसे में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाक्टर आन्नद शुक्ला ने तत्काल आपदा टीम को क्षेत्र में राहत कार्य के लिए रवाना किया। बारिश के चलते खुदी सड़कों में दिक्कत है। जैसे कि शहर में गैस पाइप लाइन और ऊर्जा निगम की ओर से भूमिगत लाइन डालने के चलते सड़कें खुदी हैं। इस वजह से बजरी सड़कों में फैली हुई है और ऐसे में बारिश के बीच दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। जैसे कि कारगी, बंजारावाला, नेहरू कालोनी, जीएमएस रोड, माता मंदिर रोड, भंडारी बाग आदि इलाके हैं।