देहरादून। राजधानी देहरादून में शुक्रवार की शाम को रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग से हड़कंप मच गया। घटना मे दो युवक घायल हो गए, जिनका अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े आठ बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर दो राउंड फायर हुए, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों ने पहले गोली की आवाज को किसी बाइक का शोर समझा, लेकिन कुछ ही देर में पता चला कि फायरिंग हुई है। फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा, जिसे उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिसे दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी फायरिंग के बाद हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।