देहरादून। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) ने देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी (डीटीडीओ) बृजेंद्र पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की ओर से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, बृजेन्द्र पाण्डेय पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के तहत अनुदान राशि के आवंटन में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और सूचनाओं के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं।
मामले की जांच के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में बृजेंद्र पाण्डेय का मुख्यालय उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, देहरादून रहेगा। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही उन्हें यह प्रमाणित करना होगा कि वे किसी अन्य सेवा, व्यापार या व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं।
