सेना व शहीदों के नाम पर वोट मांगने वाली भाजपा ने किया शहीदों व सेना का अपमान: धस्माना
देहरादून। देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान अपनी जान कुर्बान करने वाले ऑपरेशन सिंदूर के छः शहीदों को आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना की अगुवाई में कैंट रोड चीड़ बाग स्थित शौर्य स्थल वार मैमोरियल पहुंच कर शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीन श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सदस्य एआईसीसी व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने शहीद सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश पर मर मिटने वाले सैनिक की तो एक ही चाह होती है कि वो अपने देश के लिए बड़ी से बड़ी कुर्बानी दे किंतु वे लोग जो शहीदों के नाम पर वोट लेकर सत्ता पा जाते हैं और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए सेना के पीछे छुप जाते हैं उनके लिए यह चुल्लू भर पानी में डूबने की बात है कि देश के लिए अपना सर्वस्व अपनी जान कुर्बान करने वाले सैनिकों की शहादत को तरह महीनों तक छुपा कर रखा गया।
धस्माना ने कहा कि इससे बड़ा अपराध शहीदों के सेना के और देश के प्रति दूसरा नहीं हो सकता कि देश की संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इन शहीदों की शहादत को ही नकार दिया। श्री धस्माना ने कहा कि सरकार की इस शर्मनाक हरकत के बाद अब सरकार लीपापोती करने में लगी है किन्तु यह पाप पूरे देश के सामने उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलवामा आतंकवादी घटना के बाद हुए 2011 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता से पुलवामा के शहीदों के नाम पर भाजपा ने खुले आम वोट माँगा किंतु जब ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के नुकसान पर संसद में सरकार से जवाब मांगा गया तो देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने झूठ बोल कर पूरे देश का देश की सेना का और शहीद हुए सैनिकों का अपमान किया।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि पूरा देश का जनमानस ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों को सैल्यूट करता है व हमेशा उनका ऋणी रहेगा। प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद सैनिकों की शहादत को तरह महीनों तक छुपा कर रखने की क्या जरूरत थी यह किसी देश वासी को समझ नहीं आया। प्रदेश कांग्रेस गोरखा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनिल बस्नेत ने कहा कि आज पूरा देश इस हकीकत को जान गया है कि भाजपा अपनी साख को बचाने के लिए किसी की भी साख को दाव पर लगा सकती है। प्रदेश श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को शहादत को छुपाने और संसद में देश के रक्षा मंत्री द्वारा यह खाना की ऑपरेशन सिंदूर में देश का कोई सैनिक शहीद नहीं हुआ यह संसद का तो अपमान है ही लेकिन उन शहीदों की कुर्बानी पर भी भाजपा के द्वारा खड़ा किया गया एक प्रश्न है।
इस अवसर पर अमीचंद सोनकर, संतोष नैनवाल, डॉ सुनील अग्रवाल, किशोर उनियाल, राजेंद्र धवन, विजय शाही, आदर्श सूद, श्री गगन छाछर , आनंद सिंह पुंडीर, राहुल अग्रवाल , शुभम सैनी, सोनू काजी, सुल्तान, घनश्याम वर्मा, कमल को शोर शर्मा, एडवोकेट नरेंद्र कुमार, सुरेंद्र नौटियाल, नरेंद्र खड़का समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।