देहरादून। पौड़ी के नैनीडांडा ब्लॉक के गढ़वाल के बणासी तल्ली गांव में घाट काट रही महिला को गुलदार ने मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र मे दहशत है।
घटना लैंसडाउन विधानसभा के नैनीडांडा विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार को हुई है। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह गांव की दो महिलाएं, शांति देवी और सुशीला देवी, गांव के ऊपरी जंगल क्षेत्र में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार महिला घसीटकर जंगल की तरफ ले गया।
घटना के दौरान साथ मे मौजूद शांति देवी ने शोर मचाया और शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद घटना से कुछ दूरी पर ग्रामीणों को सुशीला देवी का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी गयी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटना के बाद बणासी तल्ली सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों के कारण जंगलों और खेतों में जाना जोखिम भरा होता जा रहा है, जिससे लोगों में लगातार डर बना हुआ है।
विभागीय कर्मियों का कहना है कि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग की एक टीम लगातार पूरे क्षेत्र में गश्त करेगी। इसके अलावा विभाग का प्रशिक्षित शूटर भी मौके पर तैनात कर दिया गया है।