देहरादून। सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में शनिवार को पानी के विवाद मे भाजपा नेता की हत्या के बाद बबाल हो गया। मामले ने सांप्रदायिक रूप ले लिया और देर रात तक इलाके में विरोध-प्रदर्शन, नारेबाजी तथा लोगों ने सड़क जाम कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शनिवार को बैरागीवाला निवासी विनोद कश्यप (43), उनके भाई राजेश और अशोक सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी दे रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक इम्तियाज ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद की सूचना मिलने पर रज्जाक, अमन, यूनूस, अनीस समेत 20 से 25 लोग मौके पर पहुंच गए और तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने धारदार हथियारों और हथौड़ों से हमला किया।
गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता विनोद कश्यप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके दोनों भाई अशोक और राजेश अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। शुरूआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। विनोद कश्यप को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विनोद कश्यप और उनके भाइयों ने गांव के पूर्व प्रधान इस्तिपाक के कार्यकाल में विकास कार्यों से जुड़ी जानकारियां आरटीआई के माध्यम से मांगी थीं। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद और तनाव की स्थिति बन चुकी थी। पुलिस इस एंगल को भी जांच का हिस्सा बना रही है। बताया जाता है कि विनोद कश्यप पूर्व में बीडीसी चुनाव भी लड़ चुके थे और स्थानीय स्तर पर भाजपा से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे।
भाजपा कार्यकर्ता की मौत की खबर फैलते ही बैरागीवाला गांव में भारी संख्या में लोग जुटने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रेमनगर-पांवटा पुराने हाईवे पर जाम लगा दिया। देर रात तक सड़क पर प्रदर्शन, नारेबाजी और विरोध जारी रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब आरोपी पक्ष के घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। भीड़ द्वारा पथराव किए जाने और घर में घुसने की कोशिशों की भी सूचना है।
घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके मकानों पर बुल्डोजर कार्रवाई की मांग उठाई। सहसपुर, विकासनगर, प्रेमनगर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त फोर्स को तैनात किया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया जाता है कि रविवार सुबह भी प्रदर्शनकारी आरोपियों के मकान के पास पहुंचे और आरोपी के घर मे आग लगा दी। हालांकि पुलिस आक्रोशित लोगों को रोकने मे जुटी है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं एसपी ग्रामीण पंकज गैरोला ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।