देहरादून। राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में शिक्षकों के साथ मारपीट करने वाले छात्र के पिता सब इंस्पेक्टर को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया है।
गौरतलब है कि बीती 4 जून को राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला दूरसंचार में तैनात उप निरीक्षक महेश कंडवाल के बेटे कबीर कंडवाल को परीक्षा के दौरान नकल करते हुए पकड़ा गया था। जिस पर नियंत्रक समिति ने तत्काल एक्शन लिया था। नकल की यह घटना सीसीसीटी में कैद हो गई थी, लेकिन उसके अगले दिन महेश कंडवाल अपने साले और एक महिला के साथ कॉलेज में आ धमके।
आरोप है कि उन्होंने गाली गलौज करते हुए स्टाफ के साथ बुरी तरह से मारपीट की। हालांकि मामले में 6 जून को महेश कंडवाल निवासी नेशविला रोड ने एक शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें महेश कंडवाल का कहना था कि उनका बेटा कबीर कंडवाल पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला में सिविल इंजीनियर्स तृतीय वर्ष का छात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि 4 जून को कॉलेज में पेपर देते समय प्रभात खंडूरी, पवन कुमार, पीयूष काला, शिवानी की ओर से पेपर ड्यूटी के दौरान अन्य परीक्षार्थियों को नकल कराने के विरोध स्वरूप उसके बेटे के साथ मारपीट की गयी। गाली गलौच करने के साथ काफी समय तक बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी दी। आरोपों के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरी ओर उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान के प्रधानाचार्य अवनीश जैन ने भी महेश कंडवाल और कबीर कंडवाल पर संस्थान परिसर में पेपर ड्यूटी में तैनात स्टाफ के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार करने एवं सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया। साथ ही कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कराया गया। सीसीटीवी फुटेज मे मारपीट सार्वजनिक होने पर आखिरकार सब इंस्पेक्टर पर गाज गिर गयी। हालांकि शिक्षक घटना के विरोध मे लगातार सांकेतिक विरोध और कार्यबहिष्कार की चेतावनी दे रहे थे।