रिश्ते का खून: प्रेमी से जहर मंगाकर पति की कर दी हत्या, महिला और प्रेमी गिरफ्तार – News Debate

रिश्ते का खून: प्रेमी से जहर मंगाकर पति की कर दी हत्या, महिला और प्रेमी गिरफ्तार

उधमसिंह नगर। रिश्तों को तार तार करने वाले एक मामले मे पत्नी ने प्रेमी से जहर मंगवाकर शराब मे पति को पिलाकर उसकी हत्या कर दी। बाद मे शव को नहर मे फेंक दिया। पुलिस ने पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटनाक्रम के अनुसार 1 मई को यूपी के रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र निवासी चंद्रवती ने कोतवाली आईटीआई (काशीपुर) में तहरीर देकर बताया कि बीती 25 अप्रैल को उनका बेटा कुलवंत सिंह अपनी पत्नी के पास काशीपुर के वांसखेड़ा गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वो वापस नहीं लौटा। जब परिजनों ने कुलवंत की पत्नी से पूछताछ की तो उसने गलत जानकारी देकर मामले को टालने की कोशिश की।

स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से कुलवंत लापता है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया, जिसमें एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि महिला का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या निवासी मसवासी (रामपुर) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इतना ही नहीं घटना के समय दोनों की लोकेशन भी एक ही स्थान पर पाई गई। पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने अपना अपराध कबूल कर लिया।

महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और लगातार उसे प्रताड़ित करता था। इसी से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 25 अप्रैल को उसने अपने प्रेमी से जहर, शराब और अन्य सामान मंगवाया, फिर शराब में जहर मिलाकर अपने पति कुलवंत को पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद महिला ने अपने प्रेमी को बुलाया और दोनों ने मिलकर शव को एक अल्टो कार में रखकर एनएच 74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम की बड़ी नहर में फेंक दिया। जिसके बाद दोनों वापस आ गए।

पुलिस और एसओजी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटाए. सर्विलांस के साथ ही संदिग्धों से गहन पूछताछ की. जिसके तहत आरोपी पत्नी (उम्र 28 वर्ष) और उसके प्रेमी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.

कुलवंत सिंह के शव को बरामद करने के लिए पुलिस और  एसडीआरएफ की टीम नहर में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *