रुद्रपुर। एसटीएफ ने पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में फरार चल रहे मध्य प्रदेश के 25 हजार के इनामी शूटर को एसटीएफ और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर क्षेत्र के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी सुबह लगभग नौ बजे एक आई-10 कार में सवार होकर भदईपुरा पहुंचे थे। उनमें से एक युवक ने पार्षद धामी को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान कार में सवार अन्य बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों की गोलियां धामी के सिर, गले और सीने में लगीं।
गंभीर रूप से घायल पार्षद ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा कर उनकी हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस जांच की तो पता चला कि हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। हत्या को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को लगभग चार लाख की सुपारी दी गई थी।
मामले में पुलिस ने सात आरोपितों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर छह हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि मध्य प्रदेश का शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित पुलिस के हाथ नहीं आया। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह का बयान ने बताया कि गिरफ्तारी न होने पर उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस और एसटीएफ उसकी तलाश में लगी हुई थी। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
इस पर एसटीएफ ने विशेष रणनीति बनाकर तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं तथा भौतिक साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण कर लगभग एक माह से उससे जुड़ी हर गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।
बुधवार सुबह एसटीएफ को सूचना मिली कि फरार चल रहा इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित पुत्र मुकेश शर्मा निवासी जग्गा का पुरा, थाना डिमनी, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसटीएफ प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह एवं कोतवाल रुद्रपुर मनोज रतूड़ी की अगवाई में पुलिस और एसटीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2020 में हुए पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में वह पेशेवर शूटर के रूप में शामिल था, जिसे सुपारी देकर हत्या में शामिल किया गया था। बाद में पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा कर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखं में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती , रंगदारी-वसूली व गैंगस्टर के करीब एक दर्जन प्राथमिकी पंजीकृत हैं।