देहरादून। प्रेम नगर के बाला सुंदरी मंदिर के पास महिला की लाश के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। महिला की हत्या पति ने ही गला दबाकर की थी और लाश को कट्टे मे डालकर फेंक दिया था। मांडूवाला रोड स्थित बालासुदरी मंदिर परिसर में 11 मार्च को एक अज्ञात महिला का शव सफेद कट्टे में मिला था, जिसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
मामले के पटाक्षेप के लिए पुलिस की 08 टीमों का गठन किया गया। करीब 2500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास की 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।
जांच मे जुटी पता चला कि एक मजदूर की पत्नी अचानक लापता है। पुलिस ने संदिग्ध रंजीत शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी पहली पत्नी रूपा की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पूछताछ में सामने आया कि पारिवारिक विवाद इस हत्या की वजह बना। रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर वापस रंजीत के पास आ गई थी और उस पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर 05 मार्च की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद रंजीत ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को चार दिनों तक कमरे में छिपाकर रखा और फिर 08 मार्च को उसे कट्टे में डालकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपित रंजीत शर्मा निवासी सुखासन, थाना सिमरी बख्तयारपुर, जिला सहरसा, बिहार वर्तमान निवासी भट्टोवाला, प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया है। आईजी राजीव स्वरूप व एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।