देहरादून। क्लेमनटाउन क्षेत्र में युवक और युवती के बीच बंद कमरे में हुई चाकूबाजी में पुलिस ने रविवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक की अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की। आरोपी के कमरे से चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
वादी कृष्ण चंद्र वर्मा पुत्र स्व. दयाराम निवासी 24 आदर्श विहार रायपुर रोड, थाना- रायपुर, देहरादून उम्र-55 वर्ष द्वारा थाना क्लेमेंटाउन में लिखित तहरीर दी की एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले युवक उदय पुत्र महेश जागृति विहार, मेरठ, उ0प्र0, जो एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है, के द्वारा उनकी पुत्री को जान से मारने की नियत से उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमे उनकी पुत्री को गंभीर चोटें आई, जिसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है एवं उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वादी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन पर तत्काल मु0अ0सं0- 20/2026 धारा 109(1) बीएनएस बनाम उदय सिंह का अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा घटना को अंजाम देने वाले आरोपी उदय सिंह उर्फ़ विशु पुत्र महेश कुमार निवासी 103/2 जागृति विहार, थाना मेडिकल, जनपद मेरठ, उ0प्र0 हाल पता ओगल भट्टा, थाना क्लेमेन्टाउन, देहरादून, उम्र -21 वर्ष को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशान देही पर उसके ओगल भट्टा स्थित कमरे से घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त उदय सिंह उर्फ़ विशु द्वारा बताया गया कि वह क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है तथा कृष्णा विहार ओगल भट्टा में अपने तीन अन्य दोस्तो के साथ कमरा किराये पर लेकर रह रहा है। उक्त युवती से उसकी मुलाकात सितम्बर 2025 में अपने शिक्षण संस्थान में हुई थी, जिसके बाद से ही दोनो लगातार एक दूसरे के संपर्क में थे। वह युवती से शादी करना चाहता था, परंतु इस बीच उसे उक्त युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की जानकारी मिली। इस बात को लेकर गत दिवस उन दोनों के मध्य विवाद हो गया, जहां आवेश में आकर युवक द्वारा युवती पर चाकू से हमला कर दिया।