सुनील राठी गैंग के दो शूटर गिरफ्तार, दो अवैध पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद – News Debate

सुनील राठी गैंग के दो शूटर गिरफ्तार, दो अवैध पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद

देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स एवं देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात अपराधी सुनील राठी गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक पूर्व में मुख्तार अंसारी व संजीव जीवा गैंग का शूटर रह चुका है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में सक्रिय अपराधियों एवं बाहरी राज्यों से आए संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। आज चेकिंग के दौरान राजपुर क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से सुनील राठी गिरोह के दो सदस्यों,भानू चौधरी पुत्र आलोक कुमार निवासी सहारनपुर, उत्तरप्रदेश और पारस पुत्र जगपाल सिंह निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 02 अवैध .32 बोर पिस्टल एवं 07 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में थाना राजपुर में मु.अ.सं.-40/2026 धारा 111(3) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि पारस पूर्व में मुख्तार अंसारी एवं संजीव जीवा गैंग का सक्रिय शूटर रहा है। दोनों अपराधियों की मृत्यु के बाद वह सुनील राठी गैंग में शामिल हो गया। दोनों हरिद्वार और देहरादून की विवादित एवं बेशकीमती भूमि में हस्तक्षेप कर गैंगस्टर सुनील राठी के लिए उगाही कर रहे थे। मोबाइल फोन की जांच में पारस का जेल में निरुद्ध सुनील राठी से लगातार संपर्क होना भी सामने आया है।
पुलिस जांच में यह भी प्रकाश में आया है कि देहरादून व हरिद्वार के कुछ व्यापारियों को सुनील राठी के नाम से भयभीत कर उगाही की जा रही थी। हालांकि डर के कारण कोई शिकायतकर्ता सामने नहीं आया। हरिद्वार के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर का नाम भी जांच में सामने आया है, जिसकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
एसटीएफ एवं दून पुलिस की ओर से पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी देहरादून में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते थे। राज्य में संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *