देहरादून। पौड़ी मे गुलदार के हमलों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। जिले के बगड़ीगाड गांव में एक दुखद घटना हुई।रानी देवी नामक 65 वर्षीय महिला पर गुलदार ने उस समय हमला कर दिया, जब वह गांव के पास चारा काट रही थी। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना आज लगभग 2 बजे की है। घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।ग्रामीणों ने बताया कि रानी देवी अपनी बहू सपना को दिन का खाना बनाने के लिए बोलकर घास काटने के लिए गई थी। काफी देर तक जब रानी देवी घर नहीं लौटी तो बहू सपना ने अपने बेटे कार्तिक को दादी को बुलाने के लिए भेजा।बताया जाता है कि जैसे ही पोता वहां गया तो उस पर भी गुलदार ने हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गया।
पोते ने शोर मचाया और शोर सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े। गुलदार महिला को छोड़ कर चला गया। लेकिन महिला की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ा जाए और गांवों में नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है। वन विभाग का कहना है कि गांव में 15 सदस्य टीम तैनात की गई है। तीन कैमरे लगाए गए हैं और कैमरों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। मुख्य वन संरक्षक से आदेश मिलने पर पिंजरा और ट्रेंकुलाइज किया जाएगा. पीड़ित परिवार को अग्रिम राशि जल्दी दी जायेगी।