विस सत्र के लिए पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूरी, 1,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात - News Debate

विस सत्र के लिए पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूरी, 1,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात

आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था और आईजी गढ़वाल ने पुलिस बल की ब्रीफिंग कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देशसेगैसाइन

गैरसैंण। भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. निलेश आनंद भरणे और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी को सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों पर आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सघन जांच करने तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश देने के निर्देश दिए। बैरियरों पर तैनात पुलिसकर्मियों को जुलूस, धरना-प्रदर्शन और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी कर्मियों को निर्धारित समय पर तैनाती स्थल पर पहुंचने, आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने और विशिष्ट महानुभावों की सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने भी पुलिसकर्मियों को संबोधित कर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने को कहा।
सुरक्षा तैयारियों के तहत विधानसभा परिसर, प्रवेश द्वारों, बैरियरों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय, 46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पंकज भट्ट और पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ प्रह्लाद कोंडे ने भी वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एक हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी संभालेंगे मोर्चा
विधानसभा सत्र की सुरक्षा के लिए छह अपर पुलिस अधीक्षक, 20 पुलिस उपाधीक्षक, 54 प्रभारी निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, 43 उपनिरीक्षक, 35 महिला उपनिरीक्षक, 52 अपर उपनिरीक्षक, 460 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 67 महिला आरक्षी, 26 यातायात पुलिसकर्मी, 153 सशस्त्र पुलिसकर्मी और 120 होमगार्ड तैनात रहेंगे। इसके अलावा पीएसी, एटीएस, एसडीआरएफ, बीडीएस और हॉक टीम के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में जुटेंगे। पुलिस प्रशासन ने सत्र के दौरान सुरक्षा, सतर्कता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *