भट्ट से मिले विधायक पांडे, तेवरों मे नरमी, कहा, पार्टी का अनुशासित सिपाही

देहरादून। अनियंत्रित खनन पर बयानबाजी कर सरकार को असहज करने वाले गदरपुर के विधायक अरविंद पांडे ने भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से भेंट कर अपना पक्ष रखा। मुलाकात के बाद पांडे के तेवरों मे नरमी देखी गयी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री धामी, मंत्री और अधिकारी सभी शानदार कार्य कर रहे हैं। वहीं प्रदेशाध्यक्ष ने भी पुनः दोहराया, पार्टी फोरम के बाहर किसी भी तरह की अनावश्यक बयानबाजी स्वीकार्य नहीं होंगी।

जिसके बाद मीडिया के सवालों का ज़बाब देते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, मंत्री और सभी अधिकारी अच्छा कार्य कर रहे हैं। जहां तक एक दो छोटे अधिकारी गड़बड़ी की कोशिश कर रहे हैं, उनके बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है। जिस पर शीघ्र कार्रवाई होगी और हम सब मिलकर मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित उत्तराखंड बनाने की दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।

पार्टी द्वारा दिए निर्देशों को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए श्री पांडे ने कहा वह भाजपा के अनुशासित सिपाही हैं। लिहाजा प्रदेश नेतृत्व के जो भी निर्देश हैं उनका पालन किया जाएगा। वहीं उन्होंने स्वीकार किया कि हाल में उनके द्वारा भावावेश में मुद्दा उठाया गया। जिसमें विषय से अधिक मेरे भावों की अनावश्यक चर्चा हुई।

वही इस प्रकरण को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अरविंद पांडे के अतिरिक्त बिशन सिंह चुफाल से भी बातचीत हुई है। जिसमें सभी से उनका पक्ष समझा गया है और इस संबंध में पार्टी के आवश्यक निर्देश से उन्हें अवगत कराया गया है। वहीं उन्होंने पुनः स्पष्ट किया कि पार्टी फोरम या सरकार से बाहर मीडिया, सोशल मीडिया या अन्य सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक बयानबाजी स्वीकार्य नहीं होंगी। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे अनुशासनहीनता माना जाएगा।

गौरतलब है कि बीते दिनों विधायक पांडे ने अपने क्षेत्र मे बड़े पैमाने पर खनन होने कि बात कही थी। उन्होंने कहा कि नदियों मे पोक्लैंड मशीन से खनन आम बात हो गयी है। इस पर भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी फोरम पर बात रखने और पक्ष सुनने की बात कही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *