चमोली। पर्वतीय क्षेत्रों मे बाढ़ और भूस्खलन के अलावा हिंसक जंगली जानवर भी परेशानी का सबब बने हुए हैं। जनपद के नंदानगर के पास तांगला गांव में खेत में घास लेने गई महिला पर भालू ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीण महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर में लेकर आए लेकिन तब तक महिला ने दम तोड़ दिया।
जानकारी अनुसार नंदानगर के पास तांगला गांव की बसंती देवी (50) पत्नी जगत सिंह घास लेने के लिए घटबगड़ तोक गई थीं। वहीं झाड़ी में दो बच्चों के साथ घात लगाकर बैठे भालू ने महिला पर हमला कर दिया। साथ में घास लेने गई दूसरी महिला ने शोर मचाया तो भालू और उसके बच्चे भाग गए।
महिला ने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार लहूलुहान बसंती देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर पहुंचाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।