कुंभ 2027 के भव्य एवं सफल आयोजन लिए सभी साधु संतों आह्वान
अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक विरोधी कानून, नागरिकता संशोधन अधिनियम और वक्फ संशोधन अधिनियम ऐतिहासिक और युगांतकारी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार देवभूमि के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने हेतु भी संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। इसके लिए प्रदेश में धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून सख़्ती से लागू किये गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने यूसीसी लागू कर सभी नागरिकों को समान अधिकार देने का ऐतिहासिक दायित्व निभाया है। उत्तराखण्ड में कुंभ 2027 के भव्य एवं सफल आयोजन के लिए समस्त साधु संतों का सहयोग हेतु आह्वान करते हुए करते हुए सीएम ने कहा कि राज्य सरकार पर कुंभ 2027 के भव्य एवं दिव्य आयोजन की बड़ी जिम्मेदारी है। इसमें सभी साधु संतों का सहयोग की अपेक्षा की जाती है।
मुख्यमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में सोमवार को हरिद्वार में सर्वानंद घाट में आयोजित गंगा पूजन में प्रतिभाग किया तथा सर्वानंद घाट से माता कृष्णा उद्यान तक शोभायात्रा में सम्मिलित हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में नवनिर्मित माता कृष्णा उद्यान के शुभारम्भ समारोह में प्रतिभाग किया। सीएम ने आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज को सनातन संत परंपरा का महान संत बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवन पर्यंत समाज को परमार्थ और सेवा की शिक्षा दी। उन्होनें लोगों को जात-पात, ऊँच-नीच और दिखावे से ऊपर उठकर प्रेम और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
धामी ने कहा कि ओम बिरला जी के लोकसभा अध्यक्ष रहते हुए भारतीय संसद द्वारा कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक विरोधी कानून, नागरिकता संशोधन अधिनियम और वक्फ संशोधन अधिनियम जैसे कई ऐतिहासिक और युगांतकारी कानून पारित किए गए, जो आज देश को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के साथ- साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण भी हो रहा है।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं सहयोग से हमारी राज्य सरकार भी प्रदेश में विकास कार्यों के साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित रखने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि प्रेम प्रकाश मंडल देशभर में विभिन्न स्थानों पर मानव सेवा का अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। प्रेम प्रकाश मंडल द्वारा निर्धन परिवारों कल्याण एवं विभिन्न जनहित के कार्यों के माध्यम से मानवता की सेवा की जा रही है। स्वामी भगत जी महाराज तथा प्रेम प्रकाश मंडल द्वारा अध्यात्म एवं देव परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। |धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत धर्मनगरी हरिद्वार में प्रेम प्रकाश मंडल द्वारा नवनिर्मित यह माता कृष्णा उद्यान भी मानव सेवा का एक सुंदर उदाहरण है।
कार्यक्रम में प्रेम प्रकाश आश्रम मण्डलाध्यक्ष स्वामी भगत प्रकाश महाराज, स्वामी मनोहर लाल , स्वामी ब्राह्ममानंद , स्वामी मोनू राम ,सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, दर्जा राज्यमंत्री विनय रुहेला, देशराज कर्णवाल, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, ओम प्रकाश जमदगनी,पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, मेयर किरन जेसल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, कुँवर प्रणव सिंह चैंपियन, बीजेपी जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल आदि मौजूद रहे।