देहरादून। राज्य मे धामी सरकार की अवैध मदरसों के खिलाफ कार्यवाही जारी है। देहरादून जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सहसपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित 12 मदरसों को सील किया है। अब तक सहसपुर व विकासनगर क्षेत्र में ऐसे 31 मदरसे सील किए जा चुके हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार केदारावाला और हसनपुर कल्याणपुर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही। सहसपुर थाना क्षेत्र में रिकॉर्ड 22 अवैध मदरसों को सील किया गया है। मंगलवार को एसडीएम विनोद कुमार और सीओ बीएल शाह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सहसपुर थाना क्षेत्र के केदारावाला ग्रामपंचायत से अभियान शुरू किया। टीम ने यहां बालिका मदरसा समेत तीन अवैध मदरसों को सील किया। प्रशासन की कार्यवाही का विरोध कर रहे लोगों को पुलिस ने मौके से हटाया। वहीं, हसनपुर कल्याणपुर में भी टीम को विरोध का सामना करना पड़ा।
सर्वे टीम ने विकासनगर तहसील क्षेत्र में 29 अवैध मदरसों को चिह्नित किया था। कार्रवाई के दौरान दो और मदरसों के अवैध होने की बात सामने आई थी। संयुक्त टीम ने 31 अवैध मदरसों को सील कर दिया। फिलहाल टीम की कार्रवाई पूरी हो गई है, टीम फिर से सर्वे करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अवैध मदरसों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। ऐसे में 15 दिनों के भीतर ही 52 से अधिक अवैध रूप से संचालित मदरसों को सील किया जा चुका है। सोमवार को विकासनगर में 11 और खटीमा में 9 अवैध मदरसों को सील किया था।