चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क के जरिये बच्चे सीखेंगे यातायात के नियम

देहरादून। मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने राज्य सड़क सुरक्षा कोष प्रबन्ध समिति की बैठक मे प्रदेश भर में चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और उधमसिंह जैसे अधिक ट्रैफिक दबाव वाले क्षेत्रों से इसकी शुरुआत  किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे बहुत जल्दी सीखते हैं और उसे जिन्दगी भर याद रखते हैं। इससे बच्चों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और आने वाले समय में देश और प्रदेश को ट्रैफिक नियमों के प्रति जिम्मेदार नागरिक मिलेंगे।

मुख्य सचिव ने दुर्घटनाओं को रोकने हेतु रोड इंजीनियरिंग वर्क्स के लिए प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समितियां बनाई जाएं। इन समितियों में स्टेक होल्डर विभागों को भी शामिल कर संवेदनशील क्रॉसिंग अथवा पॉइंट्स का ट्रीटमेंट प्लान तैयार कर सुधारीकरण किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को 10, 15 मिनट की विडियोज बनाकर स्कूलों में बच्चों को दिखाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को प्रदेश की सड़कों में शीघ्र से शीघ्र ब्लैक स्पॉट को ठीक किए जाने और क्रैश बैरियर लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों में साइनेज आदि की उचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव श्री अरविंद सिंह ह्यांकी, एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर श्री वी. मुरूगेशन, सचिव श्री विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव गृह श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
*सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग*

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *