कोटद्वार(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। जनपद पुलिस ने थाना क्षेत्रों में चैकिंग के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार करते हुए 26 पेटी शराब बरामद की है। वाहन तस्करी में एक वाहन को भी सीज किया है। इस दौरान एक शराब तस्कर फरार होने में कामयाब रहा।
प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार रमेश तनवार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा संडे मार्केट सिंबलचौड के निकट मनोज रावत पुत्र नरेंद्र रावत निवासी निंबूचौड़ से दो पेटी फ्रूटीनुमा देशी शराब व हरीश चन्द पुत्र स्व. गिरधारी लाल निवासी सिंबलचौड़ से पचास पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए उनके खिलाफ 60 आबकारी अधिनियम के तहत वैद्यानिक कार्यवाही की गई है।

थाना सतपुली पुलिस टीम द्वारा दिगम्बर सिंह पुत्र गब्बर सिंह निवासी ग्राम बेरीधार लैंसडाउन को तीन पेटी अवैध शराब से साथ सतपुली से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ 60 आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है।
उधर, थाना देवप्रयाग पुलिस टीम द्वारा रात्रि में रामकुण्ड चैक पोस्ट पर चैकिंग के दौरान बोलेरो पिकअप वाहन संख्या UK81 BT- 0322 से पंजाब मार्का 20 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गयी। यह शराब वाहन के पीछे अलग से बनाए गए चैंबर में छुपा कर रखी हुयी थी। इस दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। पुलिस द्वारा धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।
