हादसों को न्यौता दे रहे है सड़कों पर दौड़ रहे गन्ने के ओवरलोड ट्रक – News Debate

हादसों को न्यौता दे रहे है सड़कों पर दौड़ रहे गन्ने के ओवरलोड ट्रक

विकास नगर। राजधानी से सटे क्षेत्रों मे सड़कों पर दौड़ते गन्ने के ओवरलोड ट्रक हादसों को न्यौता दे रहे हैं। भारी भरकम वाहनों के बगल से निकलना है जोखिम भरा हो रहा है।

जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि गन्ने के सीजन में गन्ने से लदे अधिकांश वाहन (ट्रक) बॉडी से कई फीट ऊपर तक गन्ना भरकर सड़कों पर सरपट दौड़ते हैं, जो कि किसी भी वक्त हादसे का कारण बन सकते हैं तथा इनकी लापरवाही का शिकार कोई भी किसी भी वक्त हो सकता है। कई वाहनों की तो बॉडी बीच से फटने को होती है तथा कई वाहनों की बॉडी तिरछी होती है, जिनको देखकर वैसे ही डर लगता है। ऐसे ओवरलोड वाहनों पर समय रहते अंकुश लगाना बहुत जरूरी है। पूर्व में भी कई बार लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं।

नेगी ने कहा कि संबंधित विभाग यथा परिवहन व पुलिस न जाने क्यों इन वाहनों को अनदेखा कर देते हैं? गन्ना उत्पादक जनपदों देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल आदि जगहों पर गन्ना सेंटरों से मिल तक ले जाने वाले वाहनों की ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने को मोर्चा शीघ्र ही शासन में दस्तक देगा।

पत्रकार वार्ता में विजयराम शर्मा व प्रवीण शर्मा पिन्नी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *