सरकार के इशारे पर हो रही हैं महापंचायतें, कोर्ट के आदेश की उड़ाई जा रही धज्जियां:धस्माना – News Debate

सरकार के इशारे पर हो रही हैं महापंचायतें, कोर्ट के आदेश की उड़ाई जा रही धज्जियां:धस्माना

देहरादून। उत्तरकाशी मे आज हुई महा पंचायत पर कांग्रेस ने भाजपा पर कड़ा हमला करते हुए इसे अपनी राजनैतिक विफलता को छिपाने की कोशिश बताया है। दूसरी और भाजपा ने भी कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वह सनातन विरोधी रवैये के चलते राजनैतिक हितों की खातिर तुष्टिकरण की नीति पर चल रही है।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार अपनी नाकामियों और विफलताओं को छुपाने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। इतना ही नहीं, प्रदेश सरकार और उसके नेताओं पर नैनीताल उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने का गंभीर आरोप भी लगा है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए धस्माना ने कहा कि उत्तरकाशी की शांत वादियों को जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव में झोंका जा रहा है। पहले पुरोला में फर्जी मामला बनाकर माहौल खराब किया गया और अब दशकों पुरानी मस्जिद का मुद्दा उठाकर प्रदेश के सौहार्द को नष्ट करने की साजिश रची जा रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तरकाशी की महापंचायत में भाजपा के विधायकों ने भाषण देकर आग में घी डालने का काम किया। यह कदम उच्च न्यायालय के आदेशों और सरकार के ही हलफनामे का उल्लंघन है, जिसमें महापंचायत की अनुमति न देने की बात कही गई थी।

धस्माना ने कहा कि इन सांप्रदायिक घटनाओं में शामिल तत्वों को भाजपा सरकार और उसके नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। “सरकार ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें महापंचायत आयोजित करने की खुली छूट दी, जिससे उनकी मंशा साफ हो जाती है। यह प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने की सोची-समझी साजिश है।सरकार पर विकास, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। “प्रदेश के अहम मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय भाजपा के नेता लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद जैसे विवादित विषयों को हवा देकर प्रदेश का माहौल खराब कर रहे हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ऐसी साजिशों से सावधान रहें और शांति बनाए रखें। साथ ही उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जनता के हितों के लिए संघर्ष करेगी।

तुष्टिकरण के लिए सरकार पर आरोप लगा रही है कांग्रेस: चौहान

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने उत्तरकाशी मे हुई महा पंचायत पर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस समुदाय विशेष की तुष्टिकरण के लिए भाजपा के खिलाफ आरोप प्रत्यारोप की मुहिम चला रही है।

चौहान ने कहा कि उत्तरकाशी मे हुई महा पंचायत को सरकार का समर्थन नही है, लेकिन कांग्रेस साफ करे कि वह किसके समर्थन मे है और किसके विरोध मे है। कानून अपना कार्य कर रहा है और शर्तों के साथ दी गयी महा पंचायत भी शांति से संपन्न हो गयी।

चौहान ने कहा कि आखिर कांग्रेस हमेशा समुदाय विशेष की चिंता तो करती है और इसमें भाजपा को कोई दिक्कत भी नही है, लेकिन जब पहाडों मे लैंड जिहाद, लव जिहाद की घटना होती है तो वह इस पर चुप क्यों बैठ जाती है। उन्होंने कहा कि पूर्व मे पुरोला की घटना का क्या कारण रहा कांग्रेस ने इस ओर जान बूझकर आँखे बन्द कर ली। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि सदियों से उत्तराखंड मे रह रहे मुस्लिम समुदाय यहाँ के सरोकारों मे रचा बसा है, लेकिन बाहर से किसी उद्देश्य को लेकर यहाँ रह रहे लोग हर घटना मे लिप्त पाए गए।

चौहान ने कहा कि पुरोला की घटना हो या घाट, थराली अथवा श्रीनगर मे हुई हर घटना मे बाहरी प्रदेश से आये मुस्लिम समुदाय के लोग सामने आये। यही स्थिति प्रदेश के हर जिले मे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी इसीलिए भू कानून ला रहे हैं और इससे राज्य की संस्कृति और मूल स्वरूप सरंक्षित रह पायेगा। लेकिन इससे कांग्रेस को दिक्कत है, क्योकि इससे किसके हित प्रभावित हो रहे है जनता भी बेहतर जानती है।

चौहान ने कहा कि सनातन का विरोध कांग्रेस का स्वभाव रहा है और राजनैतिक स्वार्थ की खातिर तुष्टिकरण कांग्रेस की नियति बन गयी है। उन्होंने कहा कि जनता उसे राज्य सहित देश भर मे सबक सिखा चुकी है। अस्तित्व के लिए तरस रही कांग्रेस को जनता अब माफ नही करने वाली है और निकाय तथा पंचायतों मे हकीकत से रूबरू करायेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *