देहरादून। ऋषिकेश में हुए एक सड़क हादसे मे उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता त्रिवेंद्र सिंह पंवार की मौत हो गई। हादसा रविवार रात को नटराज चौक पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने पांच गाड़ियों में ज़ोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार ऋषिकेश के नटराज चौक के पास भाजपा नेता के पुत्र का रिसेप्शन चल रहा था। वेडिंग प्वाइंट के बाहर बड़ी संख्या में लोग और गाड़ियां बाहर खड़ी थी। कार मे बैठने के बाद जैसे ही वह तैयारी करने लगे, इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए वहां खड़ी गाड़ियों और लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में कई लोग घायल हो गए। यूकेडी नेता त्रिवेंद्र सिंह पंवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
त्रिवेंद्र सिंह पंवार के निधन से उत्तराखंड क्रांति दल और उनके समर्थकों में शोक पसर गया है। वह प्रदेश के एक लोकप्रिय और सशक्त नेता थे, जो उत्तराखंड के विकास और क्षेत्रीय मुद्दों के लिए हमेशा मुखर रहते थे। त्रिवेंद्र रावत राज्य आंदोलन के लिए संसद मे पर्ची बम फेंकने वाले पहले आंदोलनकारी थे और उत्तराखंड राज्य की मांग को सुर्खियों मे लाने मे सफल रहे। हाल ही मे उन्होंने ऋषिकेश मे मूल निवास और भू कानून की मांग पर तांडव रैली का नेतृत्व किया था।