समय पर कार्य पूर्ण न करने वाले विभाग बताएं कारण
जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन कार्यों की ली समीक्षा बैठक
कोटद्वार(चंद्रपाल सिंह चन्द) जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपूर्ण पेयजल योजनाओं का समय पर निर्माण पूर्ण किया जाए ताकि जनता को इनका लाभ मिल सके।
सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी डा. चौहान ने कार्यदायी संस्थाओं को जल जीवन मिशन के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने विभागवार मिशन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों व लक्ष्य के अनुसार कार्य न करने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को आंकड़ों में अंतर आने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बैठक और ऑनलाइन आंकड़े सही प्रस्तुत किए जाए। उन्होंने कहा कि जिस विभाग की कार्य प्रगति कम है। वह विभाग कारण बताते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करे। जिलाधिकारी ने कुछ विभागों की भौतिक प्रगति और एक्शन रिपोर्ट रिपोर्ट (एटीआर) की सुस्ती से नाराज होकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एटीआर सम्बंधित कार्य आगामी पंद्रह नवम्बर तक पूर्ण किए जाए।
जिलाधिकारी डा. चौहान ने थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन संबधित कमियां और रिपोर्ट कार्य को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति के लिए संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाए।
बैठक में पेयजल निगम के अधीक्षण अभियंता मोहम्मद मिशम, अधिशासी अभियंता जल संस्थान एसके राय, पेयजल निगम निर्माण शाखा (द्वितीय ) अजय बेलवाल, परियोजना प्रबंधक स्वजल दीपक रावत सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।