श्रीनगर को देश-विदेश में पहचान दिलाऐगा बैकुंठ चतुर्दशी मेला: चौहान – News Debate

श्रीनगर को देश-विदेश में पहचान दिलाऐगा बैकुंठ चतुर्दशी मेला: चौहान

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए कानून सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के दिए निर्देश

श्रीनगर(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण व तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली और संबंधित अधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर समस्त तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सोमवार को नगर निगम श्रीनगर के सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने आगामी 14 नवम्बर से आयोजित बैकुंठ चतुर्दर्शी मेले में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, साहसिक जल क्रीड़ा, विभागीय स्टॉल, विद्युत, पेयजल व अग्नि सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर उन्हें मेले की तैयारिया समय से पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डा. चौहान ने श्रीनगर में शिक्षा ग्रहण करने आये देश के विभिन्न राज्यो के इच्छुक छात्रों व पीयूष मिश्र/इंडियन ओशियं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल करने के साथ साथ श्रीनगर की पुरानी फोटो, विकसित होता श्रीनगर व इसके फ्यूचरिस्टिक फोटो गैलरी, शास्त्र प्रदर्शनी व 13 नवम्बर को धारी देवी से कमलेश्वर तक जल कलश यात्रा को कार्यक्रम में शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी को भव्य तरीके से मनाए जाने की आवश्यकता है ताकि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए आगंतुको के माध्यम से एक देशव्यापी संदेश भेजा जा सके। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में साहसिक क्रीड़ा, यात्रा, शिक्षा व विद्युत उत्पादन संबंधी गतिविधियों को लेकर एक उभरता डेस्टिनेशन बन रहा है। यह संदेश देश विदेश तक पहुचाने के लिए यह मेला एक सिग्नेचर का काम करेगा। इसके उपरांत उन्होंने मेला आयोजन स्थल आवास विकास मैदान का निरीक्षण व गंगा दर्शन प्वाइंट पर आयोजित ईगास बग्वाल कार्यक्रम में शिरकत की।
बैठक में एसडीएम नूपुर वर्मा, डिप्टी कमांडेंट एसएसबी अरुण व्याला, तहसीलदार धीरज सिंह राणा, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेन्द्र सिंह खाती, जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप डुकलान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजब सिंह रावत व बीईओ अश्विनी रावत सहित भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र धीरवाण आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *