महिला का शव कब्र से निकालकर पुलिस ढूंढेगी मौत की वजह  – News Debate

महिला का शव कब्र से निकालकर पुलिस ढूंढेगी मौत की वजह 

बसंत विहार क्षेत्र में महिला की संदिग्ध परिस्थियों में हुई मौत का मामला

परिजनों दर्ज कराया है हत्या का मुकदमा, ससुराल पक्ष को बिना बताये दफना दिया शव

देहरादून। वसंत विहार क्षेत्र मे महिला की संदिग्ध परिस्थियों मे हुई मौत के बाद अब पुलिस कब्र से शव को निकालकर हत्या की वजह तलाशेगी। महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष द्वारा हत्या की आशंका जताते हुए थाना बसंत विहार मे हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

महिला की माँ मुमताज पुत्री रऊफ मरहूम निवासी: मौ0 मलकान बसी, किरतपुर बिजनौर द्वारा थाना बसन्त विहार मे दी गयी तहरीर मे बताया कि उनकी पुत्री फरहा का विवाह वर्ष 2011 में बसन्त विहार निवासी सलीम पुत्र जरीफ के साथ हुआ था। 18 सितंबर 24 को उनकी पुत्री के ससुराल वालों द्वारा उन्हें उनकी पुत्री की मृत्यू होने की जानकारी दी गई। जिस पर वह अपनी पुत्री की ससुराल कांवली गांव देहरादून आये, जहां उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पुत्री की मृत्यू जहर खाने से हुई है। घटना के कुछ दिनों बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पुत्री के गले व पीठ पर चोट के निशान थे तथा उन्हें अंदेशा है कि उनकी पुत्री के ससुरालियों द्वारा उसकी हत्या की गई है।

लिखित तहरीर के आधार पर थाना बसन्त विहार पर मु0अ0सं0: 194/24 धारा: 103 (1), 238 भा0न्या0सं0 पंजीकृत किया गया। घटना के सम्बन्ध में प्रभावी कार्यवाही तथा सभी सम्भावित पहलुओं की गहनता से जाचं हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा थानाध्यक्ष बसन्त विहार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं। साथ ही घटना में आवश्यक साक्ष्य संकलन हेतु मृतका के शव का पोस्टमार्टम करने हेतु कब्र से बाहर निकलवाने के लिये जिला मजिस्ट्रेट से पत्राचार किया गया, जिस पर अपर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा शव के पंचायतनामें/पोस्टमार्टम की कार्यवाही हेतु शव को कब्र से बाहर निकालने की अनुमति प्रदान की गई है। अब पुलिस मृतका के शव को कब्र से बाहर निकालकर आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही कर मौत की वजह तलाशेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *