कोटद्वार(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। लैंसडौन कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे अन्तर्राज्यीय गिरोह के ठग को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। गिरोह के एक अन्य सदस्य को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
लैंसडौन कोतवाली के अंतर्गत पालकोट निवासी एक महिला ने गत 26 मार्च को पुलिस में तहरीर देकर बताया कि साइबर ठग ने इस्टाग्राम के माध्यम से एक ऐप डाउनलोड करवाकर उसके साथ 02 लाख 46 हजार की साइबर धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश करते हुए घोखाधड़ी में संलिप्त एक अभियुक्त रवि भार्गव पुत्र ललित भार्गव को जून माह में जयपुर से धर दबोच कर जेल भेज दिया था।
इस मामले में फरार चल रहे एक अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत थी। पुलिस टीम ने शनिवार को फरार अभियुक्त सत्यपाल को थाना झोंटवाड़ा क्षेत्र जयपुर से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त सत्यपाल पुत्र स्व. बहादुर सिंह निवासी ग्राम गिंगलाना थाना माँढण बहरोड (कोटपुतली) राजस्थान को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री मुकेश भट्ट, अपर उप निरीक्षक प्रवेश शर्मा, आरक्षी आदित्य वर्मा व सीआईयू आरक्षी राहुल शामिल थे।
