घटना मे 12 यात्रियों की हुई मौत, दिल्ली से तुंगनाथ जा रहा था यात्रियों को लेकर टेंपो ट्रेवलर
रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे के रैंतोली के पास हुए टेम्पो ट्रैवलर हादसे के घायलों को एम्स ऋषिकेश शिफ्ट किया जा रहा है। हादसे मे 12 लोगो के मौत की सूचना आ रही है। टेम्पो ट्रैवलर में कुल 26 लोग थे। मौके पर रेस्क्यू अभियान जारी है। 7 घायलों को एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर ऋषिकेश AIIMS भिजवाया गया है। वहीं 9 घायलों का रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि वाहन हाईवे किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए वाहन खाई में गिरा। आशंका जतायी जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आयी हो। क्योंकि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई वहाँ पर सड़क काफी चौडी है। घायल मरीजों और मृतकों के बारे में प्रशासन और पुलिस के द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जाता है कि वाहन दिल्ली से यात्रियों को लेकर चोपता तुंगनाथ जा रहा था। लेकिन रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से लगभग तीन किमी पहले रैंतोली में लगभग तीन सौ मीटर गहरी खाई में गिरकर अलकनंदा नदी में गिर गया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद रुद्रप्रयाग में हुई वाहन दुर्घटना पर दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।
स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। घायलों को नज़दीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार हेतु भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री ने ज़िलाधिकारी रूद्रप्रयाग को इस घटना की जाँच के आदेश दिये हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयर लिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश लाया गया है।