हरिद्वार। पुलिस ने भगवानपुर थाना क्षेत्र मे मिली युवती की लाश से परदा उठाते हुए हत्त्याकांड को अंजाम देने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती का मंगेतर था और उसने अवैध संबंध के शक के चलते युवती की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी मंगेतर को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी 19 वर्षीय बेटी 13 अप्रैल की सुबह गांव में अपनी सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी और अभी तक वह वापस नहीं लौटी है। उन्होंने अपनी बेटी को काफी तलाशने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिली और उसका मोबाइल भी स्विच आफ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवती की गुमशुदगी दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी।. 13 मई को बुग्गावाला थाना क्षेत्र के शाहमंसूर के जंगल में एक महिला का शव बरामद हुआ। गुमशुदा युवती के परिजनों ने बरामद शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की.
पुलिस टीम द्वारा मृतका के मोबाईल नम्बर में मिले संदिग्ध मोबाईल नम्बरों की गहनता से पड़ताल कर सामने आए तथ्यों के आधार पर मृतका के मंगेतर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। पुलिस टीम द्वारा पूछताछ में मंगेतर ने बताया कि 4-5 साल संबंध में रहने पर उसकी युवती के साथ सगाई हो रखी थी. लेकिन सगाई के बाद उसे युवती के अवैध सम्बन्ध अन्य व्यक्तियों के साथ होने की जानकारी मिलने के साथ ही कुछ आपत्तिजनक फोटो भी मिले। वह किसी गैर मर्द के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थी। इन सब बातों से नाराज युवक ने कई बार किनारा करने का प्रयास किया, लेकिन मृतका द्वारा शादी न करने पर मुकदमे में फंसाने की बात कहने पर उसने मजबूरन अपने कदम वापस ले लिए।
हत्या के दिन मृतका ने कहीं घूमने की गुजारिश की, तो युवक गांव के लड़के के साथ उसकी मोटरसाइकिल पर उसे जंगल में ले गया, जहां युवक ने लड़के को मजार देखने भेज दिया। जिसके बाद उसने दुपट्टे से गला घोटकर युवती हत्या कर दी। शव को बरसाती नाले के रेत में दबाया और फिर मृतका का मोबाइल तोड़कर वहां से फरार हो गया। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बताई गई जगह से मृतका के मोबाइल के कुछ टूटे हुए पार्ट बरामद किए। हत्यारोपी के मोबाइल से युवती की मौत के बाद उसके द्वारा स्वयं किए गए मैसेज को भी पुलिस ने प्राप्त कर मोबाईल कब्जे ले लिया।