पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का हृदयघात से निधन

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का देर रात्रि हृदय गति रुकने से निधन हो गया।

हीरा सिंह बिष्ट उत्तराखंड कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। वे लंबे समय तक कांग्रेस संगठन और राज्य की राजनीति में सक्रिय रहे तथा अविभाजित उत्तर प्रदेश में विधायक और बाद में उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। वे जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में पहचाने जाते थे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने संगठन को मजबूत करने, विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के राजनीतिक मार्गदर्शक के रूप में भी उनकी पहचान रही।

उनकी अंतिम यात्रा एवं अंत्येष्टि आज दोपहर उनके पैतृक गांव नालापाली के शमशान घाट में संपन्न होगी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे उत्तराखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उनके निधन को उत्तराखंड की राजनीति के एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *