रामनगर /देहरादून। प्रदेश मे बाघ और गुलदार के हमले रुकने का नाम नही ले रहे है। रविवार को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेंज के जंगल में लकड़ी बीनने गई महिला को बाघ ने मार डाला। बाघ महिला को अन्य महिलाओं के बीच से उठा ले गया। घंटों की मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने उसका शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार सांवल्दे पश्चिमी निवासी दुर्गा देवी (50) पत्नी स्व. दान सिंह सुप्याल रविवार शाम चार बजे अन्य महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। महिलाएं कसेरूआ नाले से अंदर जंगल में लकड़ी बीन रही थीं। पास ही मौजूद बाघ ने दुर्गा पर हमला कर दिया। बाघ उसे जंगल के अंदर घसीटकर ले गया। महिलाओं ने वन कर्मियों को इसकी सूचना दी। वनकर्मियों की टीम महिला को तलाशने जंगल में गई। हवाई फायर करते हुए बाघ भाग गया। सड़क से चार किमी अंदर महिला का शव बरामद किया गया। बाघ महिला के सिर का कुछ हिस्सा खा चुका था।
ग्रामीणों ने वन अधिकारियों से इस बात पर आक्रोश जताया कि हिंसक वन्यजीव फसलों को नष्ट कर मवेशियों को भी निवाला बना रहे हैं। चूल्हा जलाने की व्यवस्था के लिए जंगल जाना पड़ता है। वही वन अधिकारी इस बात पर जोर देते रहे कि पहले ही स्पष्ट किया गया है कि जंगल मे आवाजाही खतरनाक है और जंगल मे नही जाना चाहिए। महिला का आज सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। बताया जाता है कि महिला गाँव मे अकेली रहती थी पति का देहांत हो चुका है और बेटी की शादी के बाद वह अलग थलग हो गयी थी। वह गांव वालों की मदद पर निर्भर थी।