रामनगर। मंगलवार सुबह छोई स्थित किशनपुर पड़ाव क्षेत्र में एक 58 वर्षीय महिला का घर से कुछ दूरी पर शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की सघन जांच के लिए मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल व आसपास से साक्ष्य एकत्रित किए। मिली जानकारी के मुताबिक छोई स्थित किशनपुर पड़ाव क्षेत्र में ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह विमला देवी (56) पत्नी स्व. खिलाफ सिंह का शव उनके घर के नजदीक पड़े देखकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार विमला देवी के पति खिलाफ सिंह की मौत पूर्व में ही हो चुकी है। पांचों बच्चों के दूसरे शहरों में रहने के कारण विमला देवी घर में अकेली ही रहतीं थी। मामले में परिजनों द्वारा महिला की हत्या की आशंका व्यक्त करने पर पुलिस ने मृतका के पुत्र भोपाल के बयान दर्ज करते हुए आरोप को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का अनुमान है कि मृतका की मौत बीती रात दस ग्यारह बजे के आसपास हुई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल के अनुसार पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं और पुरानी रंजिश को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला की मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।