सड़क हादसे में गाजियाबाद के नेशनल खिलाड़ी की मौत, पत्नी गंभीर घायल

रामनगर/देहरादून। गाजियाबाद से नैनीताल जा रहे एक नवविवाहित दंपत्ति की स्कॉर्पियो ट्रक से भिड़ने के कारण स्कॉर्पियो में सवार नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी का मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

 जानकारी के मुताबिक यतीश यादव पुत्र सुरेश चंद्र यदव, निवासी ग्राम शाहपुर बमेठा, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद अपनी पत्नी शीतल के साथ बीती रात नई काली स्कॉर्पियो से काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर एचआर 38 एसी 4554 से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद 108 के माध्यम से घायल महिला को उपचार के लिए भिजवाया गया। संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद शीतल को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर के निजी अस्पताल ले जाया गया। यतीश राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और वर्ष 2021 में प्रतियोगिता में विजेता भी रहे थे। वह एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाते थे, वहीं उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं। चार महीने पहले 20 अप्रैल को दोनों शादी के बंधन में बंधे थे। 

हादसे की खबर मिलते ही यतीश के परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। मृतक के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार डंपर चालक ने ओवरटेक करते हुए गलत दिशा में आकर उनके बेटे की गाड़ी को टक्कर मारी है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *