वन विभाग ने पकड़ा अवैध लीसे का ट्रक, परिचालक गिरफ्तार, चालक फरार - News Debate

वन विभाग ने पकड़ा अवैध लीसे का ट्रक, परिचालक गिरफ्तार, चालक फरार

रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग की टीम से बिना प्रपत्र के ले जाए जा रहे 480 लीसे के टीन बरामद कर वाहन के परिचालक को गिरफ्तार किया है। कार्यवाही के दौरान वाहन चालक वनकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार मुखबिर द्वारा वन क्षेत्राधिकारी बन्नाखेड़ा को सूचना मिली कि लीसा लेकर एक कैंटर संख्या यूके 19 सीए 0856 रानीखेत भिकियासैण से वाया बेतालघाट होकर रामनगर से बन्नाखेड़ा की ओर आने वाली है। सूचना मिलने पर रेंज अधिकारी द्वारा डिप्टी रेंजर दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में टीम गठित कर बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव-नयागॉव – बरहैनी में नाकेबंदी कर बरहैनी रेंज के स्टाफ को भी सतर्क कर दिया। वन विभाग की टीम नयागाँव में वाहनों की चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन बैलपड़ाव से नयागॉव की ओर आता हुआ दिखाई दिया। टीम द्वारा उसे रोकने का इशारा किया गया तो चालक द्वारा वाहन को तेजी से बरहैनी की ओर मोड़ दिया गया। टीम द्वारा बरहैनी रेंज के स्टाफ को साथ लेकर वाहन का पीछा करने पर वाहन चालक द्वारा वाहन को नयागाँव-बरहैनी मोटर मार्ग पर जंगल के किनारे रोक दिया गया। जिसके बाद चालक व परिचालक वाहन से उतरकर जंगल की ओर भागने लगे। टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुऐ वाहन परिचालक को मौके पर पकड़ लिया गया लेकिन चालक जंगल में भागने में सफल रहा। वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के ऊपर फूड क्रेट लदे हुये पाये गये।

जिन्हें हटाकर देखने पर उनके नीचे से काली पन्नी से ढके लीसे के 480 टिन बरामद हुये। परिचालक से बरामद लीसे के प्रपत्र माँगने पर वह कोई वैध प्रपत्र नहीं दिखा पाया। जिसके बाद वाहन को मय 480 टिन लीस विभागीय अभिरक्षा में लेकर रेंज कार्यालय बन्नाखेड़ा में खड़ा करवाकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

कार्यवाही के दौरान टीम में बन्नाखेड़ा रेंज से उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला, दीपक नेगी, महेश चन्द्र आर्या, युवराज सिंह चुफाल, किशन सिंह व बरहैनी रेंज के वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी, विनोद चंद्र जोशी, बिंदिया कोहली, नीरज रौतेला, जगमोहन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *