मानसून के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर - News Debate

मानसून के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

नैनीताल। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने वर्चुअल माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने मानसून के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यस्थल पर मौजूद रहने के निर्देश दिए।स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई। सभी आठ विकासखंडों में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की समय पर लाइन लिस्टिंग के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों एवं निकटतम अस्पताल तक पहुंचाने की कार्ययोजना बनाने को कहा। प्रथम तिमाही में प्रत्येक गर्भवती महिला का अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही समय पर आयरन-फोलिक एसिड, कैल्शियम एवं सभी आवश्यक जांच कराने के निर्देश दिए। सीएमओ ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा। एचपीवी टीकाकरण अभियान में लक्षित लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। टीकाकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर सीएमओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *