देहरादून। बनभूलपुरा में 8 फरवरी को हुई हिंसा और कर्फ्यू के बाद प्रशासन स्थितियां सामान्य होने के बाद मदरसे के बच्चों का पठन पाठन का कार्य शुरु करेगा।
अपर जिला अधिकारी पी आर चौहान ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित हुए कहा कि तथाकथित मदरसे में पंजीकृत बच्चों की सूची तैयार करते हुए उनका प्रवेश निकटतम विद्यालय में किये जाने की कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। जिससे बच्चों का पठन पाठन कार्य प्रभावित ना हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सूची तैयार करने के लिए नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी से समन्वय करते कर्फ्यू के दौरान ही कार्यवाही की जाए। जिससे कर्फ्यू हटने के बाद तत्काल विद्यालय में प्रवेश कराया जा सके।
बनभूलपुरा के स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के इलाज के लिए डॉक्टर तैनात
बनभूलपुरा क्षेत्र के जोनल मजिस्ट्रेट ए पी वाजपेई ने बताया कि कर्फ्यू ग्रस्त बनभूलपुरा क्षेत्र में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र बनभूलपुरा में बाल रोग विशेषज्ञ महिला एवं प्रसूति चिकित्सक एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा अस्पताल में पैथोलॉजी की सुविधा भी शुरू की गई है। साथ ही प्रशासन द्वारा लोगों को हर आवश्यक सामग्री और दवाइयों की पूर्ति की जा रही है।