नैनीताल। एक सप्ताह से लापता चल रहे नैनीताल में अल्मोड़ा क्षेत्र के युवक दीपक उपाध्याय का शव पुलिस ने टूटा पहाड़ क्षेत्र से बरामद किया है।
गौरतलब है कि अल्मोड़ा निवासी दिनेश चंद्र उपाध्याय बीते बुधवार को तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। गुमशुदी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार सर्च अभियान चलाया। लेकिन शुरुआती चार दिनों तक कोई सुराग न लगने पर पुलिस ने युवक के तीन दोस्तों से भी सख्ती से पूछताछ शुरू की थी।
सोमवार को सर्च अभियान के तहत टूटा पहाड़ क्षेत्र में युवक का शव करीब 70 मीटर गहरी खाई में मिला। वहीं मृतक के भाई ने युवक के साथ मौजूद रहे दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीपक का अचानक लापता होना और फिर इस तरह शव का मिलना संदेह पैदा करता है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही मामले का खुलासा किया जायेगा।