देहरादून। प्रदेश मे संचालित मदरसों का सत्यापन कराया जायेगा। नैनीताल के ज्योलिकोट के पास स्थित वीरभट्टी में एक अवैध मदरसे में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया है।
सीएम ने इस गंभीर विषय पर अपर मुख्य सचिव को निर्देशित किया की तत्काल समस्त जिलों को प्रदेश में संचालित समस्त मदरसों में सत्यापन कराया जाए, एवं जहां भी कोई अनैतिक कार्य हो रहा हो, वहां तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। इस विषय पर गृह विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि नैनीताल शहर के वीरभट्टी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मदरसे पर शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन ने छापे की कार्रवाई करते हुए 24 छात्रों को छुड़ाया था। मदरसे में पढ़ने वाले किसी छात्र के परिजनों ने नैनीताल जिलाधिकारी को पत्र लिखकर छात्रों के साथ हो रही मारपीट और उनके साथ दुर्व्यवहार की शिकायत की थी। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को मदरसे में छापेमारी की। बताया जाता है कि एक कमरे मे ठूंसे गए छात्रों के साथ मारपीट, गंदा पानी पिलाने और उत्पीड़न आम बात थी।