सहकारी में 10 से 15 लाख तक बिकी नौकरियां: नेगी

जनता संघर्ष मोर्चा ने जारी की बैंक खातों की डिटेल, विजीलेंस जांच की मांग

देहरादून- प्रदेश में सहकारी बैंको मे हुई भर्ती में गड़बड़ी की चल रही जांच में परत दर परत उधड़ने लगी है। जन संघर्ष मोर्चा ने नौकरी के लिये खातों में ट्रांसफर किये गये कुछ खातों की डिटेल जारी की है।

पत्रकारों से वार्ता करते हुये जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने  कहा कि प्रदेश के सहकारी बैंकों में 423 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती, जिसमें देहरादून की 61, अल्मोड़ा व उधम सिंह नगर द्वारा परिणाम घोषित किया गया उसमें जनपद देहरादून में जमकर धांधली हुई। उन्होंने दावा किया कि घोटाले में शामिल बैंक अध्यक्ष के साथ-साथ अधिकारियों/ कर्मचारियों तक के तार इस घोटाले से जुड़े हैं और मोर्चा के पास इनके तमाम बैंक खातों से जुड़ी जानकारियां हैं, जिसमें उनके द्वारा अपने बैंक खातों के माध्यम से एक पद 10 से लेकर 15 लाख रुपए तक बेचा गया। इनके बैंक खातों में हुए लेनदेन की जानकारी मोर्चा द्वारा जुटाई गई हैै। हैरानी की बात है कि इन घोटाले बाजों ने अपने रिश्तेदारों के साथ- साथ बैंक में कार्यरत अधिकारियों/ कर्मचारियों के रिश्तेदारों/ परिजनों से ये मोटी रकम हासिल कर नियुक्ति दी।

नेगी ने कहा कि कई -कई वर्षों से इन बैंकों में कार्यरत (संविदागत) कर्मचारियों एवं काबिल युवाओं को दरकिनार कर पैसे वाले लोगों को नौकरी दी गई है जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी है। मोर्चा उस जांच रिपोर्ट में इन तमाम घोटाले बाजों के खातों में माह जनवरी 2022 से 15 अप्रैल 2022 तक इनके समस्त बैंक खातों में हुए लेनदेन को भी जांच रिपोर्ट में शामिल कराने एवं उक्त मामले की विजिलेंस जांच को लेकर शीघ्र ही सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत से मुलाकात करेगा। प्रदेश में योग्य युवाओं का शोषण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रेस वार्ता में अमित जैन व सुशील भारद्वाज मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *