देहरादून। उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र के वरिष्ठ नेता राम शरण नौटियाल ने आज नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। नौटियाल वर्ष 2022 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। रामचरण नौटियाल प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं।
सदस्यता ग्रहण के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी श्रीमती कुमारी शैलजा, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य श्री गुरदीप सप्पल तथा सह प्रभारी मनोज यादव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्तमान समय में देश अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे दौर में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं, सामाजिक सौहार्द और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस की विचारधारा और उसके संघर्षों में विश्वास व्यक्त करते हुए राम शरण नौटियाल का पार्टी में सम्मिलित होना स्वागतयोग्य है।