कूड़ेदान के पास मिली महिला की लाश का खुलासा,शौचालय कर्मी गिरफ्तार – News Debate

कूड़ेदान के पास मिली महिला की लाश का खुलासा,शौचालय कर्मी गिरफ्तार

देहरादून। पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में हुई महिला की हत्या का खुलासा करते हुए शौचालय के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।

गौरतलब है कि बीते दिन हाथीबड़कला क्षेत्र में कूड़ेदान के पास एक महिला का शव मिला था। शव सड़क के किनारे रखे कूड़ेदान के पास लहूलुहान हालत में पड़ा मिला था। पॉश इलाके मे शव मिलने से विपक्ष भी कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा था।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें पता चला कि एक युवक कूड़ेदान के पास महिला के शव को घसीट रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जब छानबीन की तो पता चला कि यह युवक पास में ही बने सार्वजनिक शौचालय का कर्मचारी है, जिसका नाम राजेश कुमार बताया जा रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की तो पूछताछ में युवक ने हत्या और दुष्कर्म की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी राजेश ने पूछताछ मे बताया कि वह शौचालय के पास बने टिन शेड में रहता है, और रात के समय उसे यह महिला सड़क पर घूमती नजर आई। उसने बताया कि वह खाना और शराब मांग रही थी।जिसके बाद यह युवक महिला को टिन शेड में ले गया, जहां राजेश ने महिला को शराब पिलाई और खाना भी खिलाया। शराब पिलाने और खाना खिलाने के बाद वह महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला के सिर को दीवार में दे मारा और वह बेहोश हो गई, आरोपी युवक ने बताया कि बेहोशी सी हालत में उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया और जब वह होश में आई दोनों में हाथापाई हुई, जिसके बाद उसने महिला के सिर पर गैस का छोटा सिलेंडर मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मृतका की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर फोटो शेयर की थी, जिसके बाद महिला के बारें में जानकारी प्राप्त हुई, महिला मूल रूप से यू पी की रहने वाली है , जो फ़िलहाल देहरादून में रहती थी। महिला के परिजनों ने बताया कि वो अक्सर बिना बताये घर से चली जाती थी। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नही दी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *