जलालपुर: कांग्रेस का राजभवन कूच,भाजपा बोली राजनीति से प्रेरित – News Debate

जलालपुर: कांग्रेस का राजभवन कूच,भाजपा बोली राजनीति से प्रेरित

देहरादून। हरिद्वार के जलालपुर मे हनुमान जयंती पर हुई हिंसा पर सरकारी स्तर से लापरवाही, असफल क़ानून व्यवस्था तथा भय का वातावरण उत्पन्न होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने राजभवन कूच किया और राज्यपाल को ज्ञापन दिया। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा राजनितिक लाभ लेने के लिए वोटों के धुर्वीकरण की कोशिश कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी एक समुदाय का पक्ष नहीं ले रही है,लेकिन जिस तरह का माहौल है उसे लेकर चुप नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओंं के साथ दुर्व्यवहार किया गया और लोगों में दहशत है। राज्य में कौमी एकता के ताने बाने को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मामले मे राज्यपाल से हस्तक्षेप करने और सरकार को जरुरी निर्देश देने की मांग की। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हरीश रावत सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे।

 

कांग्रेस का राजभवन कूच राजनीति से प्रेरित:चौहान

दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस के राजभवन कूच को राजनीति से प्रेरित बताया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे मौके पर राजनीति के बजाय संयम और सौहार्द स्थापित करने में विपक्ष को भी आगे आने की जरुरत है। चौहान ने कहा कि हरिद्वार मे हुए घटनाक्रम के बाद प्रशासन और पुलिस शांति स्थापित करने के प्रयास में जुटी है। क़ानून अपना कार्य कर रहा है और अराजकता फैलाने वालो पर क़ानून का शिकंजा कसने के लिए प्रशासन जुटा हुआ है। लेकिन कांग्रेस की हमेशा आदत रही है कि वह हर ऐसी घटना को राजनैतिक चश्मे से देखती रही है। एक पक्षीय नजरिये से देखने के बजाय कांग्रेस को वस्तुस्थिति पर ध्यान देने की जरुरत है। अवसर का लाभ उठाने की फिराक में रही कांग्रेस इसे भी अपने लाभ के तराजू में तोलने की फिराक में है। अराजक तत्व जल्द ही क़ानून के शिकंजे में होंगे और इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस के इसी भेदभावपूर्ण रवैए और नकारात्मक सोच ने उसे जनता से दूर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *