हरिद्वार। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम ने चंडीघाट, श्यामपुर, गैंडीखाता और लालढांग आदि स्थित किराना दुकानों व रिटेल स्टोरों की जांच की।
अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि अभियान के दौरान टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए कुट्टू के आटे के दो और व्रत में उपयोग होने वाले काले नमक का एक नमूना लेकर कुल तीन खाद्य नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी मिलने पर सख्त कार्रवाई की गई है। काला नमक बनाने वाली निर्माता कंपनी को पैकेट पर निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित न करने और इसके सप्लायर को बिक्री बिल के नियमों का पालन न करने पर नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा, एक कुट्टू आटा निर्माता कंपनी को उसके लेबल पर ग्राहकों को भ्रमित करने वाले ‘हेल्थ क्लेम’ के कारण नोटिस थमाया गया। निरीक्षण के दौरान कहीं भी खुला कुट्टू आटा बिकता हुआ नहीं मिला। विभाग ने सभी व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी है कि बिना निर्माण व एक्सपायरी डेट के कुट्टू आटा या अन्य फलाहारी सामग्री बेचने वालों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।