उत्तराखंड से राज्य सभा के लिए दिनेश आर्य बने भाजपा प्रत्याशी

देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने दिनेश आर्य को प्रत्याशी घोषित किया है। नाम की घोषणा के साथ ही प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।

दिनेश आर्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पृष्ठभूमि से हैं और लंबे समय से वैचारिक और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहे हैं। वह कुमाऊं क्षेत्र के नैनीताल जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में दिनेश आर्य उत्तराखंड सरकार में राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं।

आर्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बेहद करीबी और विश्वसनीय नेताओं में से एक माने जाते हैं। साल 2021 में जब पुष्कर सिंह धामी पहली बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने थे, तब दिनेश आर्य ने उनके जनसंपर्क अधिकारी पीआरओ के रूप में काम किया था और मुख्यमंत्री के प्रशासनिक व जन-कार्यों को करीब से संभाला था।

गौरतलब है कि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी के चलते राज्य की एक राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना भी होगी। हाल ही में पार्टी प्रत्याशी चयन को लेकर प्रदेश स्तर पर भी मंथन हुआ था। प्रदेश कोर कमेटी में करीब 24 नामों पर चर्चा के बाद केंद्रीय नेतृत्व को 15 नामों का पैनल केन्द्र को भेजा गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *