झबरेड़ी कलां में दोहरे हत्याकांड के बाद पीएसी तैनात, पुलिस टीमों का गठन, आरोपी की तलाश तेज

रुड़की। (अनिल पुंडीर): झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग के शक में पड़ोसी युवक ने अपनी बहन और पड़ोसी को गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में आरोपी फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है और सुरक्षा के लिए पीएसी तैनात की गई है।गौरतलब है कि थाना झबरेड़ा अंतर्गत झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग के शक में पड़ोसी युवक और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। आरोपी के परिजनों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। शनिवार सुबह गांव में अमन ने पड़ोस में रहने वाले सूरज उर्फ मुन्ना पुत्र अशोक और अपनी बहन रूपा को गोली मार दी थी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया था और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए थे। पुलिस ने दोनों शवों का शनिवार को ही पंचनामा भरकर रुड़की सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए थे। इसके बाद दोनों परिवारों ने गांव में ही अलग-अलग दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया।
झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मृतक सूरज के पिता अशोक की तहरीर के आधार पर अमन के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आरोपी के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।वहीं, पुलिस कस्बा झबरेड़ा के अलावा आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके साथ ही झबरेड़ी कला और आसपास के खेतों में पुलिस टीमें कांबिंग कर रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है। वहीं, दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी तैनात की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *